औरंगाबाद में फरार नक्सली गिरफ्तार: 4 थानों में 7 केस दर्ज, लंबे समय से था पुलिस की पकड़ से बाहर

 औरंगाबाद में फरार नक्सली गिरफ्तार: 4 थानों में 7 केस दर्ज, लंबे समय से था पुलिस की पकड़ से बाहर

औरंगाबाद। औरंगाबाद पुलिस ने बुधवार को एक वांछित नक्सली तपेश्वर भुइयां उर्फ कपिल भुइयां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कासमा थाना क्षेत्र के जगरूप बीघा दुगुल गांव निवासी 55 वर्षीय तपेश्वर भुइयां को कासमा पुलिस ने एक छापेमारी अभियान के दौरान गिरफ्तार किया। मदनपुर अनुमंडल के डीएसपी अमित कुमार ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि औरंगाबाद एसपी के निर्देश पर फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिले भर में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कासमा पुलिस को सूचना मिली कि नक्सली तपेश्वर भुइयां अपने घर जगरूप बीघा दुगुल आया हुआ है। इसके बाद पुलिस ने चाल्हो पहाड़ के पास एक झोपड़ी में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तपेश्वर भुइयां के खिलाफ औरंगाबाद जिले के चार थानों में 7 मामले दर्ज हैं। इनमें नक्सली गतिविधियों और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए हैं। कासमा थाना में 2, खुदवा थाना में 2, सलैया थाना में 2 और मदनपुर थाना में 1 प्राथमिकी दर्ज है। वह लंबे समय से फरार था और पुलिस की गिरफ्त से बचता आ रहा था। गिरफ्तारी के इस अभियान में कासमा थाना अध्यक्ष इमरान आलम के नेतृत्व में कई पुलिसकर्मी और अधिकारी शामिल थे। टीम में SI राजीव कुमार, ललन प्रसाद यादव, ASI अरुण कुमार सिंह, पीटीसी नवीन कुमार, उपेंद्र महतो, सिपाही मनीष कुमार, राज निगम कुमार, गोविंद सिंह कुशवाहा, दिवाकर ठाकुर, उपेंद्र कुमार, और चौकीदार गुड्डू कुमार ओमप्रकाश कुमार ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Views: 1
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND