कैमूर में बस-ट्रक की टक्कर, एक की मौत, 10 यात्री घायल
कैमूर। कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत महुअरिया ओवरब्रिज के पास सोमवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। बनारस से गया की ओर जा रही यात्री बस और एक ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेशुआ निवासी 50 वर्षीय महेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 10 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
बस में कुल 38 यात्री सवार थे, जिनमें 14 महिलाएं और 24 पुरुष शामिल थे। सभी यात्री मध्यप्रदेश से बनारस होते हुए गया जा रहे थे। उनका उद्देश्य पितृपक्ष में मोक्ष प्राप्ति हेतु विशेष अनुष्ठान करना था। लेकिन यात्रा के दौरान हुए इस हादसे ने श्रद्धालुओं को गहरी पीड़ा दी।
सूचना मिलते ही दुर्गावती थाना पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी। एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क किनारे हटाया, जिससे यातायात सुचारू हो सका। दुर्गावती थाना के सब इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया कि बस काशी से गया की ओर जा रही थी, तभी महुअरिया ओवरब्रिज के पास ट्रक से टकरा गई। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन की देखरेख में सभी घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
About The Author
