29वीं वाहिनी SSB ने 1997 से फरार वांछित नक्सली कृष्णा भुइयां को दबोचा
शेरघाटी/गया। सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 29वीं वाहिनी ने शनिवार को एक संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता प्राप्त की। विश्वसनीय सूचना के आधार पर डुमरिया स्थित ‘सी’ समवाय के निरीक्षक (सामान्य) अजीत कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान वांछित नक्सली कृष्णा भुइयां उर्फ विकास भारती को उसके पैतृक गांव जुल्मा (थाना-बोधी विगहा, जिला-गया) से गिरफ्तार किया गया।
यह अभियान वाहिनी के कमांडेंट श्री मधुकर अमिताभ के निर्देश पर चलाया गया। कार्रवाई में SSB के जवानों के साथ बोधी विगहा थाना पुलिस भी शामिल रही। गिरफ्तार नक्सली पर थाना डुमरिया कांड संख्या 05/97, दिनांक 06 मार्च 1997 दर्ज है। उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 149, 307, 353 के अलावा 25 (1-ब) ए, 26, 27 आर्म्स एक्ट और 17 सीएल अधिनियम के तहत गंभीर मामले लंबित हैं।
सूत्रों के अनुसार, कृष्णा भुइयां कई वर्षों से फरार चल रहा था और उसकी नक्सली गतिविधियों से इलाके में असुरक्षा का माहौल बना हुआ था। SSB और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार नक्सली को विधिक प्रक्रिया के तहत बोधी विगहा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। इस कार्रवाई से ग्रामीणों में राहत की लहर है और सुरक्षा बलों का मनोबल और ऊँचा हुआ है।
About The Author
