बिहार में बनेगा ‘क्लाइमेट फंड’, नई गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन पर लगेगा 1 प्रतिशत सेस : विजय कुमार चौधरी

बिहार में बनेगा ‘क्लाइमेट फंड’, नई गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन पर लगेगा 1 प्रतिशत सेस  : विजय कुमार चौधरी

पटना। बिहार में बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन को लेकर राज्य सरकार अब बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने रविवार को जदयू कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि पर्यावरण संरक्षण को मजबूत बनाने के लिए राज्य में “क्लाइमेट फंड” बनाया जाएगा। इस फंड के जरिए जलवायु परिवर्तन से होने वाले खतरों से निपटने और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को गति दी जाएगी। डिप्टी सीएम ने बताया कि सरकार के सभी विभागों में 0.25 प्रतिशत सेस लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके साथ ही बिहार में नई गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन पर भी 1 प्रतिशत अतिरिक्त सेस वसूला जाएगा। सरकार का कहना है कि इस राशि को सीधे क्लाइमेट फंड में जमा किया जाएगा और इसका उपयोग हरित अभियान, जल संरक्षण, वृक्षारोपण तथा पर्यावरण सुधार से जुड़ी योजनाओं में किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन के संकट से जूझ रही है और बिहार भी इससे अछूता नहीं है। राज्य में लगातार बढ़ रही गर्मी चिंता का विषय है। पटना समेत कई जिलों में तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। दोपहर के समय चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों का जीवन प्रभावित कर दिया है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों में तापमान 48 डिग्री तक पहुंच चुका है, इसलिए बिहार के लोगों को अभी से सतर्क और जागरूक होने की जरूरत है। उपमुख्यमंत्री ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती खपत पर भी चिंता जताई। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक ईंधन खर्च को कम करें और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील करते रहे हैं। भारत में कई देशों की तुलना में पेट्रोल-डीजल की कीमतें नियंत्रित हैं, लेकिन इसका जिम्मेदारी के साथ उपयोग करना जरूरी है।

प्रेस वार्ता के दौरान विजय कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू किए गए “जल-जीवन-हरियाली अभियान” का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में शुरू किए गए इस अभियान का सकारात्मक असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। राज्य में भूजल स्तर में सुधार हुआ है और कई क्षेत्रों में धरती के नीचे पानी की मात्रा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान बिहार के लिए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हुआ है। डिप्टी सीएम ने उद्योगपतियों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से भी पर्यावरण बचाने के अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि पृथ्वी के संसाधनों का उपयोग उतना ही करना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्राकृतिक संपदा सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि यदि अभी से गंभीर प्रयास नहीं किए गए, तो भविष्य में जलवायु परिवर्तन की चुनौती और विकराल रूप ले सकती है।

Views: 12
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND