पटना हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश बने पवन कुमार भीमप्पा बाजंत्री,राज्यपाल ने दिलाई शपथ
पटना। पटना उच्च न्यायालय को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। पवन कुमार भीमप्पा बाजंत्री ने रविवार को राजभवन में आयोजित समारोह में मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्रिमंडल के सदस्य, न्यायपालिका और राजनीति जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को ही न्यायमूर्ति बाजंत्री को पटना उच्च न्यायालय का 46वां मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया था। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पूरे राजभवन में औपचारिक और गरिमामय माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने नए मुख्य न्यायाधीश का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
न्यायमूर्ति बाजंत्री का परिचय
न्यायमूर्ति बाजंत्री का जन्म 23 अक्टूबर 1963 को हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा उन्होंने धारवाड़ स्थित विद्यावर्धक संघ से प्राप्त की, जो 135 वर्ष पुराना कन्नड़ सांस्कृतिक संगठन है। इसके बाद कर्नाटक लिंगायत एजुकेशन सोसायटी से संबद्ध संस्थानों में पढ़ाई पूरी की। स्नातक स्तर की विधि शिक्षा उन्होंने बेंगलुरु के एसजेआर लॉ कॉलेज से हासिल की। न्यायिक सेवा में लंबे अनुभव और न्यायिक दृष्टि के लिए उन्हें जाना जाता है। पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे न्यायपालिका को नई दिशा देने की उम्मीद जताई जा रही है।
About The Author
