पूर्णिया : वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से तीन की मौत, दो घायल
पूर्णिया। पूर्णिया जिले में शुक्रवार तड़के बड़ा रेल हादसा हुआ। कस्बा स्टेशन के पास जोगबनी–दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (GMCH) पूर्णिया में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार सभी पीड़ित देर रात दुर्गा पूजा मेले से लौट रहे थे। सुबह लगभग 4:40 बजे जोगबनी से पटना जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस कस्बा और पूर्णिया जंक्शन के बीच पहुंची। इसी दौरान पांच लोग पटरियों को पार कर रहे थे और ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस को बुलाना पड़ा। पूर्णिया जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक मुन्ना कुमार ने हादसे की पुष्टि की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
About The Author
