रोहतास: महिला बटालियन में फूड प्वाइजनिंग, 60 से अधिक जवान अस्पताल में भर्ती
ट्रेनिंग कैंप में अचानक प्रशिक्षण ले रही महिला जवान बेहोश होने लगीं
रोहतास/सासाराम। जिला मुख्यालय सासाराम की महिला बटालियन में मंगलवार दोपहर को अफरा-तफरी मच गई, जब खाना खाने के बाद 60 से अधिक महिला जवान बीमार हो गईं। जवानों को उल्टी, दस्त और चक्कर की शिकायत हुई, कुछ तो बेहोश तक हो गईं। महिला जवान प्रशिक्षण ले रही थीं। खाना खाने के तुरंत बाद बीमारियों के लक्षण दिखाई दिए। आनन-फानन में सभी को सासाराम के सदर अस्पताल ट्रामा सेंटर में लाया गया। अस्पताल में अचानक इतनी संख्या में भर्ती होने से हड़कंप मच गया। कई जवानों को बेड नहीं मिल पाने के कारण जमीन पर लिटाकर इलाज करना पड़ा।
महिला जवानों ने बताया कि खाना जीविका द्वारा बनाया गया था। चावल में मिलाए गए राजमा में किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु मिलने की बात सामने आई है। संभवत: फूड प्वाइजनिंग के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई, लेकिन सटीक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
रोहतास एसपी रौशन कुमार और महिला बटालियन के कमांडेंट अशोक कुमार सिंह ने अस्पताल में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कमांडेंट ने बताया, “फूड प्वाइजनिंग के कारण जवान बीमार हुई हैं। सभी का इलाज चल रहा है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी। महिला जवान ने बताया कि खाना खाने के बाद अचानक सभी बीमार हो गईं और कई जवान बेहोश हो गईं। उन्होंने कहा कि खाना खाने के बाद चावल और राजमा खाने वाली जवानों को ही समस्या हुई। इस घटना ने महिला बटालियन और जिले में सुरक्षा प्रशिक्षण केंद्रों में स्वास्थ्य और खाने की गुणवत्ता के प्रति चेतावनी को भी ताजा कर दिया है।
About The Author
