मुंडन कराने जा रहा परिवार हुआ हादसे का शिकार, जुड़वा भाई-बहन समेत 3 लोगों की मौत, 6 घायल
जमुई। जमुई में शुक्रवार सुबह करीब चार बजे एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चालक को नींद आने से हादसा हुआ। कार में कुल 9 लोग सवार थे, जिसमें से 6 घायल हुए हैं। मृतकों में जुड़वा भाई-बहन और एक महिला है। दोनों बच्चों के मुंडन संस्कार में परिवार देवघर जा रहा था। घायलों को देवघर रेफर किया गया है। सभी लोग आरा के नवादा गांव से देवघर जा रहे थे। इसी बीच चकाई देवघर मुख्य मार्ग के बसबुटिया गांव स्थित राधाकृष्ण ढाबा के समीप घटना हो गई। मृत बच्चों की पहचान नागेंद्र कुमार के बेटे अभिनंदन (5) और बेटी नंदनी कुमारी (5) के रूप में हुई है। वहीं, महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
सड़क किनारे पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बसबुटिया गांव के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार पर सवार जुड़वा भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को देवघर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक महिला को इलाज के लिए जमुई भेज दिया गया है। मृतकों की पहचान नागेन्द्र कुमार के पुत्र अभिनंदन (05) और नंदनी कुमारी (05) के रूप में की गई है। मृतक महिला की पहचान नहीं की जा सकी है।
ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा
नागेंद्र राम अपने दोनों जुड़वा बच्चों अभिनंदन और नंदनी कुमारी का मुंडन कराने के लिए देवघर बाबाधाम जा रहे थे। रास्ते में चालक को नींद आ गई। जिसके कारण कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। घायलों में मीना कुमारी पति बजरंजी यादव, आनंद कुमार पिता छट्टू यादव, बाबूनी देवी (60), चालक रोहित कुमार और पिता नागेंद्र कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है
चंद्रमंडी थाना अध्यक्ष सुबोध यादव ने बताया कि घटना 4:00 बजे सुबह की है। घायलों को देवघर भेजा गया है। एक घायल को जमुई सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
About The Author
