रोहतास में ट्रॉली बैग से मिली नाबालिग लड़की की लाश, सब्जी मंडी के पीछे फैली सनसनी

रोहतास में ट्रॉली बैग से मिली नाबालिग लड़की की लाश, सब्जी मंडी के पीछे फैली सनसनी

रोहतास। बिहार के रोहतास जिले में रविवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जब डेहरी नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित सब्जी मंडी के पीछे कूड़े-कचरे के ढेर के बीच लाल रंग की ट्रॉली बैग से एक लड़की की लाश बरामद की गई। ट्रॉली बैग में शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि सुबह-सुबह कूड़ा बिनने वाले बच्चों की नजर जब संदिग्ध हालत में पड़े रेड कलर के ट्रॉली बैग पर पड़ी, तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंची, इसके बाद नगर थाना पुलिस और वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

16 से 18 वर्ष की बताई जा रही उम्र

पुलिस की प्रारंभिक जांच में शव एक लड़की का पाया गया है, जिसकी उम्र करीब 16 से 18 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव को जिस तरह ट्रॉली बैग में बंद कर फेंका गया है, उससे मामला बेहद गंभीर और संदिग्ध माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि लड़की के साथ पहले किसी जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया और बाद में सबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को ट्रॉली बैग में भरकर यहां फेंका गया।

एफएसएल टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से ट्रॉली बैग, आसपास की मिट्टी, कचरे और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। हर एंगल से जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हत्या किस तरह की गई और इसमें कितने लोग शामिल हो सकते हैं।

25941805_a

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदा लड़कियों की सूची खंगाल रही है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय महिला सुनीता यादव ने कहा कि इस तरह की घटना बेहद भयावह है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके के पास इस तरह शव मिलना कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।

क्या बोले एसपी

पूरे मामले पर रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि स्टेशन रोड सब्जी मंडी के पीछे लाल रंग की ट्रॉली बैग में डेड बॉडी मिलने की सूचना मिली है। नगर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और दोषियों को कानून के कठघरे में लाया जाएगा।

Views: 51
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND