पटना में दो इंच जमीन के विवाद में डबल मर्डर, भतीजे की फायरिंग से चाची और पड़ोसी की मौत
पटना। राजधानी पटना में महज दो इंच जमीन के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब आपसी रंजिश में हुई फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह सनसनीखेज घटना फतुहा थाना क्षेत्र के रसलपुर गांव की है, जहां चचेरे भाइयों के बीच चल रहे लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद के दौरान भतीजे ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। फायरिंग में 50 वर्षीय राजमंत्री देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आए पड़ोसी देवसागर सिंह (55) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार रसलपुर गांव निवासी राजकुमार प्रसाद और श्रवण प्रसाद के बीच महज दो इंच जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चला आ रहा था। शुक्रवार की सुबह दोनों पक्ष उसी विवादित जमीन पर मौजूद थे, जहां श्रवण प्रसाद द्वारा पिलर निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, हालांकि परिजनों का दावा है कि मामला पहले ही सुलझ चुका था और उस समय बातचीत सामान्य थी।
मृतका राजमंत्री देवी के बेटे जितेंद्र कुमार के अनुसार, बातचीत के दौरान अचानक राजकुमार प्रसाद का बेटा शिवम देसी कट्टा लेकर मौके पर पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली सीधे राजमंत्री देवी के सिर में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने दूसरी गोली अपने चचेरे भाई राजन प्रसाद को मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। तीसरी गोली बीच-बचाव करने आए पड़ोसी देवसागर सिंह को लगी। देवसागर के सिर में गोली फंस गई थी, जिन्हें गंभीर हालत में पीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं 25 वर्षीय राजन प्रसाद की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज पीएमसीएच में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही फतुहा एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार और थाना अध्यक्ष सदानंद साह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त के घर की तलाशी ली, जहां से दो देसी कट्टे, एक तलवार और एक बाइक बरामद की गई। ग्रामीण एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए फतुहा थाना के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) के गठन की जानकारी दी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
घटना के बाद रसलपुर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। पुलिस ने बताया कि जमीन विवाद से जुड़े पुराने कागजात और पूर्व के विवादों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
About The Author
