रोहतास में 12 हजार की घूस लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार, निगरानी की कार्रवाई से हड़कंप

रोहतास में 12 हजार की घूस लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार, निगरानी की कार्रवाई से हड़कंप

रोहतास। बिहार में रिश्वतखोरी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत निगरानी विभाग को एक और बड़ी सफलता मिली है। करगहर प्रखंड के ठोरसन पंचायत के पंचायत सचिव ऋतु रंजन पंडित को 12 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय और संबंधित पंचायत क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, वार्ड सदस्य धर्मेंद्र कुमार पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नल-जल योजना के तहत अनुरक्षक के दो वर्षों के बकाया भुगतान के बदले पंचायत सचिव 12 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि भुगतान जारी करने के नाम पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। शिकायत की पुष्टि के बाद बिहार निगरानी विभाग की टीम ने जाल बिछाया। करगहर प्रखंड के सीढ़ी गांव में छापेमारी कर पंचायत सचिव को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी रीता कुमारी ने किया। उन्होंने बताया कि वार्ड सदस्य की शिकायत के आधार पर सत्यापन किया गया था। शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप टीम गठित कर कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी पंचायत सचिव को आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के लिए पटना ले जाया गया है। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।

 
 
Views: 15
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND