पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को अपनी समृद्धि यात्रा के तहत अररिया और किशनगंज जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वे दोनों जिलों में कुल 721 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही जन संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
अररिया में 331 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री सबसे पहले अररिया जिले पहुंचेंगे, जहां वे 331 करोड़ रुपये की लागत से छह योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा 157 करोड़ रुपये की लागत से 60 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। वहीं करीब 58 करोड़ रुपये की दो अन्य योजनाओं का कार्यारंभ भी किया जाएगा। इन योजनाओं से जिले में आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
किशनगंज को भी मिलेंगे विकास कार्यों की सौगात
अररिया के बाद मुख्यमंत्री किशनगंज जिले का दौरा करेंगे। यहां वे 133 करोड़ रुपये की लागत से 73 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 102 करोड़ रुपये की लागत से 49 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में सड़क, भवन और अन्य विकास कार्यों को बढ़ावा मिलेगा।
10 मार्च से शुरू हुआ तीसरा चरण
मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा का तीसरा चरण 10 मार्च से शुरू हुआ है। इस चरण में वे मधेपुरा से यात्रा की शुरुआत कर विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 13 मार्च तक मधेपुरा में ही रहेंगे और उसी दिन शाम को पटना लौटेंगे। तीसरे चरण की यात्रा 14 मार्च तक जारी रहेगी, जिसमें मुख्यमंत्री प्रतिदिन दो जिलों का दौरा कर रहे हैं। इससे पहले वे दो चरणों में 12 जिलों का दौरा कर चुके हैं।
जिलाधिकारियों को तैयारी का निर्देश
बताया जा रहा है कि राज्य के सभी 38 जिलों में समृद्धि यात्रा पूरी करने की तैयारी तेज कर दी गई है। जिन जिलों का दौरा अभी बाकी है, वहां के जिलाधिकारियों को आवश्यक तैयारी पूरी रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास समय पर किया जा सके।
उपमुख्यमंत्री और अधिकारी भी रहेंगे मौजूद
इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्य सचिव, डीजीपी और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
