क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, टी-20 विश्वकप अभ्यास बीच में छोड़कर घर लौटे
अलीगढ़। भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। वह 60 वर्ष के थे और लंबे समय से स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। सुबह करीब 4:36 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। परिवार के अनुसार, बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीगढ़ से ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। तमाम प्रयासों के बावजूद चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके। निधन के बाद पार्थिव शरीर को अलीगढ़ लाया गया है, जहां शाम को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
विश्वकप अभ्यास छोड़कर पहुंचे थे पिता के पास
पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही रिंकू सिंह ने राष्ट्रीय दायित्वों को विराम देते हुए टीम इंडिया का साथ अस्थायी रूप से छोड़ दिया था। वे मंगलवार को टी-20 विश्वकप के अभ्यास सत्र के दौरान चेन्नई से नोएडा पहुंचे थे। स्थिति में कुछ सुधार की उम्मीद के बाद 25 फरवरी को वे दोबारा चेन्नई लौटकर टीम से जुड़ गए थे। हालांकि, 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए सुपर-8 मुकाबले में वे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे।
संघर्ष से सफलता तक का सफर
रिंकू सिंह का क्रिकेट करियर संघर्षों से भरा रहा है। साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर उन्होंने अपनी मेहनत और प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाई। ऐसे कठिन समय में पूरा क्रिकेट जगत और उनके प्रशंसक परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं। परिवार में शोक की लहर है। अंतिम संस्कार अलीगढ़ में ही पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगा।
About The Author
