बिहार की राजनीति में हलचल: क्या राज्यसभा जाएंगे नीतीश कुमार?
पटना। बिहार की सियासत में उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब यह चर्चा सामने आई कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपना पद छोड़कर राज्यसभा जा सकते हैं। सीएम आवास पर अहम बैठक चल रही है, जिसमें नीतीश कुमार के साथ जेडीयू के वरिष्ठ नेता संजय झा और मंत्री विजय कुमार चौधरी मौजूद हैं। इस बैठक को आगामी राज्यसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
आज जारी हो सकती है जेडीयू की सूची
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेडीयू आज शाम अपने राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है, जिसमें नीतीश कुमार का नाम शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं उनके बेटे निशांत कुमार के नाम की भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इन अटकलों का आधिकारिक खंडन नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि शाम 6 बजे तक तस्वीर साफ हो सकती है।
रामनाथ ठाकुर का नाम लगभग तय
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर का राज्यसभा जाना लगभग तय माना जा रहा है। उन्होंने नामांकन से संबंधित प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। ऐसे में दूसरा नाम किसका होगा, इसे लेकर सस्पेंस बना हुआ है।
दिल्ली से पटना पहुंचे संजय झा
इसी बीच जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा दिल्ली से पटना पहुंच चुके हैं। इससे यह संकेत मिल रहा है कि पार्टी के भीतर राज्यसभा को लेकर गंभीर मंथन चल रहा है। निशांत कुमार और स्वयं नीतीश कुमार के नाम पर अंतिम निर्णय अभी बाकी बताया जा रहा है।
सियासी समीकरण: तीन संभावित स्थितियां
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार मौजूदा हालात में तीन संभावित परिदृश्य उभरकर सामने आ रहे हैं—
पहली स्थिति:
नीतीश कुमार राज्यसभा जा सकते हैं। ऐसी स्थिति में उनके बेटे को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है, जबकि मुख्यमंत्री पद पर भाजपा अपना दावा पेश कर सकती है।
दूसरी स्थिति:
निशांत कुमार को राज्यसभा भेजकर उनकी औपचारिक राजनीतिक एंट्री कराई जा सकती है, जबकि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद पर बने रह सकते हैं।
तीसरी स्थिति:
रामनाथ ठाकुर के नाम पर सहमति के बाद दूसरे उम्मीदवार को लेकर पार्टी में अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है। इसी वजह से विभिन्न नामों की चर्चाएं सामने आ रही हैं।
About The Author
