राज्यसभा चुनाव के लिए नीतीश कुमार ने भरा नामांकन, अमित शाह रहे मौजूद
नीतीश कुमार के साथ NDA के सभी पांच उम्मीदवारों ने राज्यसभा के लिए किया नामांकन
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेन्द्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने भी राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र जमा किया। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाहभी मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक हलकों में खास चर्चा रही।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अमित शाह ने नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक जीवन और उनके कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का कार्यकाल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम पन्नों में दर्ज किया जाएगा। उनके अनुसार नीतीश कुमार ने राज्य को तथाकथित जंगलराज की स्थिति से बाहर निकालकर विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का काम किया।
अमित शाह ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के शासनकाल में बिहार की सड़कों का विस्तार हुआ और ग्रामीण इलाकों तक बेहतर संपर्क स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि इतने लंबे राजनीतिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहने के बावजूद नीतीश कुमार के ऊपर कभी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा, जो अपने आप में एक बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखेंगे और उसका सम्मान भी करेंगे। इस दौरान अमित शाह ने राज्यसभा चुनाव में नामांकन करने वाले नितिन नवीन और नीतीश कुमार का स्वागत करते हुए कहा कि संसद में उनके अनुभव का लाभ देश और राज्य दोनों को मिलेगा।
नामांकन से पहले नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए राज्यसभा जाने की अपनी इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने लिखा कि संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनके मन में यह इच्छा थी कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें। इसी क्रम में उन्होंने इस बार राज्यसभा चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने अपने संदेश में यह भी कहा कि बिहार में बनने वाली नई सरकार को उनका पूरा सहयोग रहेगा। उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में नए नेतृत्व और संभावित सत्ता समीकरणों को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
About The Author
