दरभंगा में 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार

गुस्साए लोगों का सड़क जाम, आगजनी–पथराव; एसडीएम घायल

दरभंगा में 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार

दरभंगा। दरभंगा में शनिवार शाम लापता हुई 6 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। रविवार देर रात गांव के बाहर तालाब के पास उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला। पुलिस ने मामले में पड़ोस में रहने वाले 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों के अनुसार, बच्ची शनिवार शाम से लापता थी। लगातार तलाश के बावजूद जब उसका पता नहीं चला, तो देर रात गांव के बाहर तालाब की ओर से कुत्तों के भौंकने की आवाज आई। शक होने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां तालाब के किनारे दीवार के पास बच्ची का शव पड़ा मिला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय तालाब के किनारे तीन बच्चियां खेल रही थीं। आरोपी ने तीनों को पकड़ने की कोशिश की। एक बच्ची उसके हाथ लग गई, जबकि दो अन्य वहां से भागने में सफल रहीं। आरोप है कि आरोपी बच्ची को अंधेरे की ओर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी और फरार हो गया।

दोनों बच्चियों के बयान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान विकास महतो (22) के रूप में की। उसे उसके घर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कपड़ों पर खून के धब्बे मिलने की पुष्टि हुई है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।

आक्रोशित भीड़ का हंगामा, पुलिस पर पथराव

घटना के विरोध में रविवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सुंदरपुर बेला मंदिर के पास मुख्य मार्ग को जाम कर दिया गया। इस दौरान एक ऑटो में आग लगा दी गई और पुलिस पर पथराव हुआ। पथराव में एसडीएम के पैर में चोट आई। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिसकर्मियों को सड़क पर पिस्टल हाथ में लेकर भीड़ को हटाते हुए भी देखा गया।

8 थानों की पुलिस तैनात, 3 घंटे बाद स्थिति नियंत्रित

करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद 8 थानों की पुलिस ने मोर्चा संभालकर स्थिति पर काबू पाया। इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार गश्त जारी है।

पुलिस का बयान: हालात सामान्य, सख्त कार्रवाई होगी

दरभंगा के एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है। प्रदर्शनकारियों को हटा दिया गया है और पुलिस अलर्ट पर है। कुछ असामाजिक तत्वों ने रोड़ेबाजी की थी, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि बच्ची का शव बरामद कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Views: 25
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND