औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो–ट्रक टक्कर में दो की मौत, सात घायल
औरंगाबाद। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत देव मोड़ के पास गुरुवार दोपहर स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच आमने-सामने हुई टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान बलिया निवासी स्वर्गीय प्रभुनाथ गुप्ता के लगभग 50 वर्षीय पुत्र तेज नारायण गुप्ता और धनबाद के बाघमारा निवासी डोमन चौहान के लगभग 30 वर्षीय पुत्र विकास कुमार चौहान के रूप में की गई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन में बुरी तरह फंस गए और काफी प्रयास के बावजूद उन्हें समय पर बाहर नहीं निकाला जा सका, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घायलों में धनबाद के बरोड़ा निवासी तरुण कुमार का पुत्र अमित कुमार, धनु बाबरी का पुत्र दिलीप कुमार, राजेश कुमार, बाघमारा निवासी चालक स्वर्गीय भगवान साव के पुत्र दीनबंधु प्रसाद, उनकी पत्नी फुलवंती देवी, पवन कुमार का पुत्र शिवशंकर कुमार तथा मृतक तेज नारायण गुप्ता की पत्नी निशा देवी शामिल हैं। सभी घायलों को पहले सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। कुछ घायलों को सरकारी एंबुलेंस से तो कुछ को निजी एंबुलेंस से भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पहले से ब्रेकडाउन की स्थिति में खड़ा था। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के चालक को झपकी आने से वाहन पर से नियंत्रण हट गया और वह सीधे ट्रक से जा टकराई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। संयोगवश उस समय वहां से गुजर रहे जिला पार्षद शंकर यादवेंदु भी मौके पर पहुंच गए और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाने में सहयोग किया। उन्होंने पुलिस और अस्पताल प्रशासन को भी सूचना दी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को वाहन से बाहर निकालकर हाईवे एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शवों का पोस्टमार्टम कराया।
सदर अस्पताल में घायल चालक दीनबंधु प्रसाद ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ धनबाद से उत्तर प्रदेश के बलिया में एक होटल में आयोजित भगीनी की शादी में शामिल होने गए थे। 24 फरवरी की रात धनबाद से रवाना होकर 25 फरवरी की सुबह बलिया पहुंचे थे। शादी समारोह में शामिल होने के बाद गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वे वापस धनबाद लौट रहे थे। चालक ने बताया कि शादी की थकान और नींद पूरी नहीं होने के कारण रास्ते में उनकी आंख लग गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
About The Author
