रांची से दिल्ली जा रहा मेडिकल विमान चतरा के जंगल में क्रैश, 7 लोग थे सवार
रांची/चतरा। झारखंड में सोमवार शाम एक गंभीर विमान हादसे की खबर सामने आई है। रांची से दिल्ली जा रही एक निजी एयर एंबुलेंस चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ गांव के पास जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान में मरीज, उसके परिजन, डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ सहित कुल 7 लोग सवार थे। मरीज की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। बताया गया कि मेडिकल एयरक्राफ्ट ने सोमवार शाम 7:11 बजे रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ ही देर बाद विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया और वह रडार से गायब हो गया।
उड़ान के दौरान अचानक टूटा संपर्क
सूत्रों के मुताबिक यह निजी एयर एंबुलेंस बीचक्राफ्ट (BE9L) श्रेणी का विमान था, जिसका रजिस्ट्रेशन VT-AJV बताया जा रहा है। उड़ान के दौरान करीब 7:34 बजे अटाली क्षेत्र के पास विमान से संपर्क टूट गया। आखिरी बार इसका संपर्क कोलकाता एरिया कंट्रोल से VHF फ्रीक्वेंसी 132.25 पर हुआ था। वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने भी बताया कि विमान ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया। स्थिति गंभीर होते देख रात 8:05 बजे रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (RCC) को सक्रिय कर दिया गया।
विमान में कौन-कौन थे सवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान में कुल 7 लोग मौजूद थे, जिनमें शामिल हैं। 1 गंभीर मरीज, 2 मरीज के परिजन, 1 डॉक्टर, 1 पैरामेडिक/मेल नर्स, 1 मुख्य पायलट, 1 सह-पायलट
स्थानीय लोगों ने दी सूचना, राहत-बचाव शुरू
हादसे की सूचना स्थानीय ग्रामीणों से मिलने के बाद चतरा पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। जंगल क्षेत्र होने के कारण राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां और विमानन से जुड़ी टीमों को भी घटनास्थल पर भेजा गया है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आएगी।
About The Author
