रोहतास में शादी समारोह के दौरान नाच कार्यक्रम बना खूनी, युवक की तीन गोली मारकर हत्या

रोहतास में शादी समारोह के दौरान नाच कार्यक्रम बना खूनी, युवक की तीन गोली मारकर हत्या

रोहतास। जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के ढोढनडीह गांव में शनिवार की सुबह एक शादी समारोह उस समय दहशत और मातम में बदल गया, जब बारात में चल रहे नाच कार्यक्रम के दौरान गोली चलने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ढोढनडीह गांव निवासी 24 वर्षीय वीर बहादुर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मिथिलेश सिंह की पुत्री की शादी थी। शुक्रवार की शाम भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के यादवपुर गांव से बारात आई थी। विवाह समारोह के तहत देर रात तक नाच-गाना चल रहा था।

मंच पर नाच के दौरान हुआ विवाद 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाच कार्यक्रम के दौरान वीर बहादुर सिंह मंच पर नाचने वाली कलाकार के साथ नाचने पहुंचे और उस पर पैसे लुटा रहे थे। इसी बीच उनका एक करीबी मित्र भी मंच पर चढ़ गया। वीर बहादुर ने उसे मंच से उतरने के लिए कहा, जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।

तीन गोलियां चलीं, मंच पर ही मौत

विवाद के दौरान आरोपी ने अचानक रिवॉल्वर निकालकर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। गोलियां लगते ही वीर बहादुर सिंह मंच पर ही गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज से शादी स्थल पर अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और कुछ ही पलों में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

मंच से नोट और मोबाइल बरामद

घटना के बाद पुलिस ने मंच के आसपास बिखरे हुए नोट और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही सूर्यपुरा थाना, नटवार थाना, भानस ओपी और दावथ थाना की पुलिस इंस्पेक्टर शेर सिंह यादव और डीएसपी सिंधु शेखर सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया।

एक खोखा बरामद, एफएसएल जांच शुरू

घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया है। डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। गोली चलाने वाला मृतक का करीबी मित्र बताया जा रहा है। साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद से ढोढनडीह गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।

Views: 33
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND

 

Related Posts