होली के जश्न में हर्ष फायरिंग, एक युवक की मौत, दूसरा घायल
औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले में होली के उत्सव के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना पौथू थाना क्षेत्र के बरपा गांव की बताई जा रही है। मृतक की पहचान संजय शर्मा (45) के रूप में हुई है, जबकि गांव के ही गणेश शर्मा (50) घायल बताए गए हैं। जानकारी के अनुसार होली के अवसर पर गांव में पारंपरिक गायन का कार्यक्रम चल रहा था और लोग उत्साह के साथ पर्व मना रहे थे। इसी दौरान अचानक हुई हर्ष फायरिंग से यह हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी राइफल से फायरिंग कर दी। गोली छत से टकराकर दिशा बदलते हुए संजय शर्मा के सीने को चीरती हुई निकल गई और पास में खड़े गणेश शर्मा को भी जा लगी। गोली लगते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और वहां भगदड़ की स्थिति बन गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को इलाज के लिए दाउदनगर स्थित एक निजी क्लीनिक ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही संजय शर्मा की मौत हो गई। बताया जाता है कि संजय शर्मा गांव में रहकर खेती-बाड़ी का काम करते थे और उनकी शादी नहीं हुई थी। वहीं घायल गणेश शर्मा का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पौथू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष सोमेश्वर नाथ ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के ही एक युवक पर फायरिंग करने का आरोप लगाया जा रहा है। घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है, हालांकि गांव के लोग फिलहाल इस मामले में खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
About The Author
