पटना। पटना में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम के तहत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पटना स्थित जदयू के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में जदयू के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। इनमें श्रवण कुमार, संजय झा, बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी समेत कई मंत्री और नेता उपस्थित थे। निशांत कुमार के पार्टी में शामिल होने को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आने वाले दिनों में जदयू के संगठनात्मक मोर्चे पर निशांत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। सूत्रों के अनुसार उन्हें सरकार में भी बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है और उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वर्तमान में बिहार सरकार में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा उपमुख्यमंत्री के पद पर कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से जदयू में प्रवेश की सहमति मिलने के बाद से ही निशांत कुमार की राजनीतिक सक्रियता बढ़ गई थी। इसी क्रम में शनिवार को उन्होंने पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के पटना स्थित आवास पर आयोजित एक अहम बैठक में भाग लिया।
बताया जा रहा है कि पार्टी की औपचारिक सदस्यता लेने से पहले ही निशांत कुमार ने जदयू के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और राजनीतिक चर्चाओं में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। संजय झा के आवास पर आयोजित इस बैठक में पार्टी के कई मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद थे, जहां संगठन और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा की गई।
