दाउदनगर। होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को दाउदनगर थाना परिसर में शांति समिति की विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों की निगरानी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में एसडीओ अमित कुमार राजन और एसडीपीओ अशोक कुमार दास मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या कानून तोड़ने की कोशिश को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसडीओ ने बताया कि होलिका दहन 2 मार्च की रात 12 बजे के बाद निर्धारित समय पर ही किया जाएगा। सभी प्रमुख और संवेदनशील होलिका दहन स्थलों की पहचान कर ली गई है, जहां दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती रहेगी। क्षेत्र में लगातार गश्ती भी की जाएगी।
सुरक्षा के मद्देनजर नहरों में पानी का स्तर कम रखने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित हादसे से बचा जा सके। अग्निशमन विभाग की गाड़ी को भी स्टैंडबाय मोड में रखा जाएगा। पंचायत स्तर पर मुखिया को शांति समिति की बैठक कर लोगों को भाईचारे के साथ पर्व मनाने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया है। एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और अश्लील गीतों के प्रसारण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जबरन रंग लगाने, नशे में उत्पात मचाने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए जिम्मेदारी के साथ होली मनाएं, ताकि पर्व की खुशियों में किसी तरह की बाधा न आए।
