औरंगाबाद में तेज रफ्तार ऑटो पलटा, एक ही परिवार के पांच लोग घायल

औरंगाबाद में तेज रफ्तार ऑटो पलटा, एक ही परिवार के पांच लोग घायल

औरंगाबाद। जिले में मंगलवार को सवारियों से भरा एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में ऑटो में सवार महिला और बच्चों समेत एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। यह दुर्घटना शहर के बाईपास स्थित डायमंड होटल के पास एनएच-19 पर हुई। हादसे में घायल लोगों की पहचान मदनपुर प्रखंड के सलैया थाना क्षेत्र के टिकवा थान गांव निवासी शिव प्रजापति (60), दयाल प्रजापति की पुत्री अराधना कुमारी (8), कासामा थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी चंद्रदेव प्रजापति की पत्नी जीरामनी देवी (65), देव थाना क्षेत्र के मिश्रा बिगहा गांव निवासी योगेंद्र प्रजापति की पत्नी कौलेश्वरी देवी (60) और गया जिले के गुरारू थाना क्षेत्र के बरियावां गांव निवासी राजेंद्र प्रजापति (56) के रूप में की गई है। ऑटो में सवार अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं।

घायलों ने बताया कि वे सभी झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित रामगढ़ गांव में एक रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने गए थे। सोमवार की रात शिव प्रजापति की भांजी की बारात आई थी। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद मंगलवार को वे ऑटो से अपने-अपने घर लौट रहे थे। बताया गया कि सभी लोग पहले छतरपुर से ऑटो से औरंगाबाद पहुंचे थे। इसके बाद मदनपुर जाने के लिए उन्होंने दूसरा ऑटो पकड़ा। जैसे ही ऑटो बाईपास स्थित डायमंड होटल के पास पहुंचा और करीब 500 मीटर आगे बढ़ा, तभी चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ऑटो में सवार कई लोग उसके नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को ऑटो के नीचे से बाहर निकाला। ब्लॉक मोड़ निवासी समाजसेवी हिमांशु सिंह और सुनील कुमार ने अन्य लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया और उनके परिजनों को घटना की सूचना दी। सुनील कुमार ने बताया कि डायमंड होटल के संचालक मनीष कुमार ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। उनके अनुसार ऑटो की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण सीएनजी ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि सौभाग्य से दुर्घटना के समय पीछे से कोई भारी वाहन नहीं आ रहा था, नहीं तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। सूचना मिलने के बाद घायलों के परिजन भी सदर अस्पताल पहुंच गए हैं और उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है।

Views: 23
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND