होली से पहले पटना में बर्ड फ्लू की पुष्टि, 6 हजार मुर्गियां दफन; जू और प्रशासन हाई अलर्ट पर
पटना। होली के त्योहार से ठीक पहले राजधानी में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) की पुष्टि ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। चितकोहरा स्थित कौशल नगर में बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के पोल्ट्री अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में लगभग छह हजार मुर्गियां संक्रमित पाई गईं। जांच रिपोर्ट के बाद डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग ने तत्काल सभी मुर्गियों को वैज्ञानिक पद्धति से दफन करा दिया और पूरे परिसर को सैनिटाइज किया गया।
संक्रमण सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाते हुए संक्रमित स्थल के एक किलोमीटर दायरे को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है, जबकि नौ किलोमीटर क्षेत्र को सर्विलांस एरिया में रखा गया है। इस पूरे इलाके में अंडा, मुर्गी और चारे के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। बिना मास्क फार्म परिसर में प्रवेश पर प्रतिबंध है और सैनिटाइजेशन प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही सामग्री के उपयोग की अनुमति दी जाएगी। कौशल नगर में चेकपोस्ट स्थापित कर पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी प्रकार की आवाजाही पर निगरानी रखी जा सके।
पटना के जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि संक्रमण की पुष्टि होते ही डेढ़ किलोमीटर दायरे में व्यापक सैनिटाइजेशन शुरू कर दिया गया है और अब चरणबद्ध तरीके से सर्विलांस चलाया जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार, पोस्ट ऑपरेशन सर्विलांस पीरियड के तहत करीब दो महीने तक अंतराल पर सैंपल जांच की जाएगी और सभी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही क्षेत्र को संक्रमण मुक्त घोषित किया जाएगा। इसी बीच स्टेट हेल्थ सोसाइटी, बिहार की टीम ने भी एडवाइजरी जारी कर दी है और मेडिकल कॉलेजों तथा स्वास्थ्य इकाइयों को सतर्क रहने को कहा है। आसपास की घनी आबादी वाले क्षेत्रों की मैपिंग कर स्वास्थ्य निगरानी बढ़ाई जा रही है।
स्थिति को देखते हुए संजय गांधी जैविक उद्यान में भी एहतियातन हाई अलर्ट घोषित किया गया है। जू प्रशासन ने दर्शकों को पक्षियों के केज से दूरी बनाकर देखने का निर्देश दिया है और नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है। कर्मचारियों को मास्क और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं तथा प्रवेश द्वार पर भी केमिकल स्प्रे किया जा रहा है। फिलहाल जू परिसर में संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन प्रशासन किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतना चाहता।
होली के दौरान पोल्ट्री उत्पादों की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल प्रमाणित स्रोतों से ही अंडा और चिकन खरीदें तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पशुपालन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। राजधानी में संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग संयुक्त रूप से हालात पर नजर रखे हुए हैं और आने वाले दिनों में सैंपलिंग रिपोर्ट के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
About The Author
