सोनपुर में बनेगा अंतरराष्ट्रीय ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, 4200 एकड़ भूमि पर होगा निर्माण
नीतीश कैबिनेट में 35 एजेंडों पर लगी मुहर
पटना/सारण। बिहार सरकार ने सारण जिले के सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने का फैसला लिया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक में कुल 35 एजेंडों पर मुहर लगी। प्रस्तावित एयरपोर्ट हाजीपुर-डुमरिया के बीच दरियापुर चंवर क्षेत्र में करीब 4200 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार ने इसे वर्ष 2030 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा है। जमीन अधिग्रहण के लिए 1302 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। केंद्रीय बजट में सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को मंजूरी मिलने के बाद राज्य सरकार ने प्रक्रिया तेज कर दी थी। अब कैबिनेट से स्वीकृति मिलने के साथ परियोजना औपचारिक रूप से आगे बढ़ेगी।
एयरपोर्ट की सबसे बड़ी विशेषता 4200 मीटर लंबे दो रनवे होंगे। इतनी लंबाई के कारण यहां दुनिया के सबसे बड़े यात्री विमानों में शामिल Airbus A380 जैसे विमान भी उतर सकेंगे। एयरपोर्ट को पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। दिल्ली, हैदराबाद, नवी मुंबई और नोएडा (जेवर) इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाद यह देश के बड़े हवाई अड्डों में शामिल होगा। देश में अब तक 23 ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित किए जा चुके हैं, ऐसे में सोनपुर एयरपोर्ट 24वां ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा होगा।
इससे पहले 6 फरवरी को हुई बैठक में 17 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई थी। इनमें पॉक्सो मामलों के त्वरित निपटारे के लिए विशेष अदालतों में पद सृजन का निर्णय अहम रहा। राज्य में करीब 6 हजार पॉक्सो मामले लंबित बताए गए हैं। इसके अलावा 15 वर्ष पुरानी गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन नियम में संशोधन, सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता राशि दोगुनी करने, नगर परिषद में स्थायी सशक्त समिति गठन और ‘राज्य नागरिक सुरक्षा संहिता’ से जुड़े संशोधन को भी मंजूरी दी गई थी। सरकार का कहना है कि सोनपुर एयरपोर्ट बनने से न केवल सारण और आसपास के जिलों को फायदा होगा, बल्कि उत्तर बिहार के विकास को भी नई गति मिलेगी।
About The Author
