दाउदनगर में कपड़े के गोदाम में भीषण आग, लाखों की संपत्ति राख

दाउदनगर में कपड़े के गोदाम में भीषण आग, लाखों की संपत्ति राख

दाउदनगर,औरंगाबाद। जिले के दाउदनगर में सोमवार देर रात एक बड़ा अग्निकांड हो गया। दुर्गा पथ स्थित एक कपड़े की दुकान के गोदाम में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। आधी रात करीब साढ़े बारह बजे बाजाजा रोड निवासी कपड़ा व्यवसायी गुप्तेश्वर प्रसाद के गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दाउदनगर थाना और अग्निशमन विभाग को दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस और दमकल कर्मियों की टीम मौके पर पहुंच गई।

आग इतनी तेज थी कि दाउदनगर की दमकल गाड़ियां अकेले इसे नियंत्रित नहीं कर पा रही थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद, रफीगंज और ओबरा से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। कुल मिलाकर तीन बड़ी और चार छोटी दमकल गाड़ियों ने लगातार कई घंटों तक आग बुझाने का प्रयास किया। बावजूद इसके, करीब आठ घंटे की अथक मशक्कत के बाद भी आग पूरी तरह शांत नहीं हो सकी थी और दमकल की टीमें लगातार आग को काबू में करने का प्रयास करती रहीं।

गोदाम मालिक गुप्तेश्वर प्रसाद ने बताया कि गोदाम में सूती, सिंथेटिक, रेशमी और ऊनी वस्त्रों के अलावा रेडीमेड कपड़ों का भारी स्टॉक रखा हुआ था। आग लगने की आवाज सुनकर जब वह मौके पर पहुंचे, तब तक अंदर तक धधकती लपटों ने सबकुछ जला देना शुरू कर दिया था। उन्होंने आशंका जताई कि नुकसान लाखों में होगा, हालांकि वास्तविक क्षति का आंकलन अभी नहीं किया जा सका है।

अग्निशमन दल के सामने सबसे बड़ी चुनौती गोदाम में वेंटिलेशन का अभाव रहा। हवा निकलने की व्यवस्था न होने के कारण अंदर अत्यधिक धुआं भर गया था और तापमान इतना बढ़ गया था कि दमकल कर्मियों को कई बार जान जोखिम में डालकर अंदर घुसना पड़ा। अग्निशमन पदाधिकारी प्रभारी राम अखिलेश सिंह के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में प्रमोद कुमार, विनय राज, प्रकाश कुमार, राजन कुमार, नीतीश कुमार, आनंद कुमार, संजय कुमार और अमल कुमार जैसे कर्मियों ने लगातार रातभर डटे रहकर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही दाउदनगर थाना से एएसआई सत्येंद्र तिवारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बड़ी संख्या में आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर दमकल कर्मियों के लिए रास्ता साफ कराया ताकि बचाव कार्य में कोई बाधा न आए। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और अग्निशमन विभाग संयुक्त रूप से कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। 

Views: 8
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND