BMSICL के डीजीएम पंकज कुमार के ठिकानों पर SVU की छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति मामले में 96 लाख की संपत्ति का खुलासा

BMSICL के डीजीएम पंकज कुमार के ठिकानों पर SVU की छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति मामले में 96 लाख की संपत्ति का खुलासा

पटना। विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के डीजीएम (प्रोजेक्ट) पंकज कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार सुबह पटना स्थित उनके कार्यालय और आवासीय परिसरों पर छापेमारी की गई। SVU की टीम ने सुबह करीब आठ बजे कदमकुंआ इलाके के कनिका मैहर अपार्टमेंट स्थित उनके आवास पर छापा मारा। उस समय पंकज कुमार अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। छापेमारी के दौरान टीम ने नकद राशि, आभूषण, जमीन से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में करीब 96 लाख रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ है। फिलहाल निगरानी टीम की जांच जारी है और अधिकारियों द्वारा पंकज कुमार से पूछताछ की जा रही है।

11 साल की सेवा अवधि में अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप

निगरानी इकाई ने इस मामले में कांड संख्या 10/2026 दर्ज किया है। जांच एजेंसी के अनुसार पंकज कुमार ने लगभग 11 वर्षों की सेवा अवधि के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए अवैध रूप से भारी संपत्ति अर्जित की। SVU का आरोप है कि एक लोक सेवक होने के बावजूद उन्होंने भ्रष्टाचार के माध्यम से करीब 96 लाख 46 हजार 666 रुपये की ऐसी संपत्ति बनाई, जो उनके ज्ञात और वैध आय स्रोतों से कहीं अधिक है।

विशेष न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई

बताया गया कि विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर गुरुवार को यह छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान बरामद नकद, गहनों और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। निगरानी विभाग के अधिकारियों के अनुसार तलाशी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बरामद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Views: 23
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND