भागलपुर से पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, 9.8 करोड़ किसानों को मिली PM किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त

भागलपुर से पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, 9.8 करोड़ किसानों को मिली PM किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त

भागलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बिहार के भागलपुर से देशभर के 9.8 करोड़ किसानों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने PM Kisan Samman Nidhi Yojana की 19वीं किस्त जारी करते हुए किसानों के खाते में पैसा ट्रांसफर किया। इस दौरान उन्होंने बिहार में उपजने वाले मखाना का विशेष जिक्र किया और इसे ‘सुपर फूड’ बताया।

मखाना को मिलेगा नया प्लेटफॉर्म, बनेगा मखाना बोर्ड

प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के मखाना की तारीफ करते हुए कहा कि यह अब सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में फेमस हो चुका है। उन्होंने कहा "मैं खुद 365 में से 300 दिन मखाना खाता हूं। बीते कुछ वर्षों में सरकार के प्रयासों से भारत का कृषि निर्यात कई गुना बढ़ा है, जिससे किसानों को उनकी उपज की ज्यादा कीमत मिलने लगी है। पीएम ने यह भी घोषणा की कि इस साल के बजट में मखाना किसानों के लिए ‘मखाना बोर्ड’ बनाने का ऐलान किया गया है। इससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उनके उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने में मदद मिलेगी।

बिना नाम लिए लालू यादव पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों की बदहाली को लेकर विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा,
"पहले किसान संकट से घिरा रहता था। जो लोग पशुओं का चारा खा सकते हैं, वे किसानों की हालत नहीं सुधार सकते। NDA सरकार ने किसानों की स्थिति बदली है। बीते सालों में हमने सैकड़ों आधुनिक बीज किसानों को उपलब्ध कराए हैं। पहले यूरिया के लिए किसान लाठी खाता था और कालाबाजारी होती थी, लेकिन आज किसानों को पर्याप्त खाद मिल रही है। उन्होंने कहा कि अगर NDA सरकार नहीं होती तो किसानों को आज भी खाद के लिए लाठियां खानी पड़ती और यूरिया की एक बोरी 3 हजार रुपये में खरीदनी पड़ती।

PM फसल बीमा योजना पर क्या बोले पीएम मोदी?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले जब बाढ़, सूखा या ओले गिरने जैसी प्राकृतिक आपदाएं आती थीं, तो सरकारें किसानों को उनके हाल पर छोड़ देती थीं। लेकिन 2014 में NDA सरकार बनने के बाद किसानों के लिए PM फसल बीमा योजना शुरू की गई। उन्होंने बताया कि अब तक इस योजना के तहत 1.75 लाख करोड़ रुपये का मुआवजा किसानों को दिया जा चुका है। उन्होंने लाल किले से घोषित अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा, "विकसित भारत के चार मजबूत स्तंभ हैं गरीब, किसान, महिला और नौजवान। NDA सरकार, चाहे केंद्र में हो या राज्य में, किसान कल्याण को हमेशा प्राथमिकता देती है।

भागलपुर से बड़े चुनावी संकेत

पीएम मोदी का यह दौरा सिर्फ योजनाओं की घोषणा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह बिहार में आगामी लोकसभा चुनाव से पहले NDA की तैयारी का भी संकेत देता है। उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि किसानों के लिए काम करने वाली सरकार कौन है और किसने उन्हें सिर्फ वादों में उलझाए रखा।

Views: 10
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND