बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल, कुंदन कृष्णन बने डीजी; 22 IPS अधिकारियों को DIG में पदोन्नति

बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल, कुंदन कृष्णन बने डीजी; 22 IPS अधिकारियों को DIG में पदोन्नति

पटना। बिहार पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर पदोन्नति और फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय में एडीजी पद पर तैनात 1994 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी कुंदन कृष्णन को पुलिस महानिदेशक (DG) के पद पर पदोन्नत किया गया है। कुंदन कृष्णन को राज्य के सबसे प्रभावशाली पुलिस अधिकारियों में गिना जाता है और वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भरोसेमंद अफसरों में शामिल माने जाते हैं।

चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ने उन्हें मुख्यालय एडीजी की अहम जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके साथ ही राज्य की विशेष कार्य बल (STF) की कमान भी उन्हीं के हाथों में है। हाल के महीनों में बिहार में अपराधियों के खिलाफ चलाए गए कई बड़े अभियानों और एनकाउंटर को कुंदन कृष्णन की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उनके नेतृत्व में अपराधियों पर सख्त कार्रवाई से अपराध जगत में खौफ का माहौल बना है।

इसी क्रम में पटना के पूर्व एसएसपी अवकाश कुमार समेत 2012 बैच के कुल 22 आईपीएस अधिकारियों को पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) के पद पर पदोन्नति दी गई है। पदोन्नत अधिकारियों की सूची में अवकाश कुमार, आनंद कुमार, कुमार आशीष, रविरंजन कुमार, दीपक रंजन, इनामुल हक मंगून, आमिर जावेद, अशोक कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, राजीव रंजन-1, राकेश कुमार सिन्हा, अजय कुमार पांडेय, नीरज कुमार सिंह, सुशांत कुमार सरोज, राजीव रंजन-2, रमन कुमार चौधरी, मनोज कुमार तिवारी, शैलेश कुमार सिन्हा, सत्यनारायण कुमार, रमा शंकर राय, सुशील कुमार और दिलनवाज अहमद शामिल हैं।

इसके अलावा 2008 बैच के पांच आईपीएस अधिकारियों को डीआईजी से पुलिस महानिरीक्षक (IG) के पद पर प्रोन्नत किया गया है। इनमें उपेंद्र कुमार शर्मा, सत्यवीर सिंह, विकास बर्मन, किम और निताशा गुड़िया का नाम शामिल है। निताशा गुड़िया के आईजी बनने से राज्य में वरिष्ठ महिला पुलिस अधिकारियों की भूमिका और मजबूत हुई है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, यह पदोन्नति प्रशासनिक आवश्यकता और वरिष्ठता के आधार पर की गई है। माना जा रहा है कि इन बदलावों से राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।

Views: 66
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND