साइबर सुरक्षा थीम पर 'बिहार पुलिस सप्ताह' का शुभारंभ
पटना। बिहार में 'बिहार पुलिस सप्ताह' का आयोजन पूरे राज्य में किया जा रहा है, जो 27 फरवरी तक चलेगा। इस वर्ष पुलिस सप्ताह की थीम 'साइबर सुरक्षा' रखी गई है। इस अवसर पर पटना स्थित पुलिस मुख्यालय, सरदार पटेल भवन में मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने समारोह का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में डीजीपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बिहार पुलिस में हुए बड़े बदलाव
उद्घाटन समारोह में मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने बिहार पुलिस की बदली हुई स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि पहले की तुलना में बिहार पुलिस के संसाधन और संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है।
- 2005 में पुलिस बल की संख्या 40 से 45 हजार थी, जबकि आज 2.29 लाख पद सृजित किए जा चुके हैं।
- 2005 में पुलिस के पास सिर्फ 1000 गाड़ियां थीं, जबकि अब 11,000 गाड़ियां उपलब्ध हैं।
- पटना का सरदार पटेल भवन बिहार का पहला भूकंपरोधी पुलिस मुख्यालय बना था।
साइबर सुरक्षा पर विशेष सेमिनार और प्रशिक्षण
कार्यक्रम में गृह मंत्रालय के विशेष सचिव प्रवीण वशिष्ठ, एनसीआईआईपीसी (नेशनल क्रिटिकल इंफॉर्मेशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोटेक्शन सेंटर) के डीजी नवीन कुमार सिंह और आई4सी के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी राजेश कुमार ने साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम के तहत कई प्रमुख गतिविधियां होंगी
- 22 और 24 फरवरी को साइबर सुरक्षा पर विशेष सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।
- नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता अभियान और जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे।
- 25 फरवरी को पुलिसकर्मियों द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
- 27 फरवरी को पटना के मिथिलेश स्टेडियम में समापन समारोह और भव्य परेड होगी।
इस आयोजन का उद्देश्य साइबर अपराधों से बचाव, पुलिस की नई रणनीतियों और आम जनता को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आई4सी और साइबर एक्सपर्ट्स भी इस आयोजन में विशेष रूप से शामिल होंगे।
About The Author
