चिराग पासवान को मिला लालू की पार्टी से आफर

RJD विधायक बोले- दोनों भाई मिलकर करें राजनीति

चिराग पासवान को मिला लालू की पार्टी से आफर

पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) की टूट देश की राजनीति में चर्चा का विषय बनी है। लोजपा के पांचों सांसद पशुपति कुमार पारस, चौधरी महबूब अली कैसर, वीणा देवी, चंदन सिंह और प्रिंस राज ने चिराग के चाचा पशुपति कुमार पारस को अपना नेता चुन लिया है। ऐसे में सवाल यह बन गया है कि लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का अब क्या होगा? सियासी गलियारे में चर्चाओं के बीच चिराग पासवान को लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से आफर मिल गया है। 

पटना की मनेर विधानसभा से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक भाई वीरेंद्र ने बड़ा बयान दिया है। लोजपा में टूट की खबरों के बीच मनेर विधायक ने कहा कि अगर जमुई से सांसद चिराग पासवान चाहें तो उनका राजद में स्वागत है। राजद के वरिष्ठ नेता ने कहा कि तेजस्वी यादव और चिराग पासवान मिलकर राजनीति करें। दोनों भाइयों को साथ आना चाहिए। तेजस्वी राज्य की तो चिराग पासवान केंद्र की राजनीति करें। भाई वीरेंद्र ने कहा कि यही समय की मांग है और अगर दोनों साथ आते हैं तो यह बिहार की राजनीति के लिए भी बेहतर होगा। राजद विधायक ने कहा कि लोजपा समर्थक अब भी रामविलास पासवान के साथ है। जो पार्टी छोड़कर गए हैं वह लालची हैं। बता दें कि बिहार में लोजपा के छह सांसद हैं। वहीं 2020 में संपन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव में लोजपा को एक सीट मिली थी। बाद में अकेले विधायक ने भी जदयू का दामन थाम लिया था। विधानसभा चुनाव के दौरान चिराग नीतीश कुमार के खिलाफ खुलकर सामने आए थे। उन्होंने अपनी हर रैली में नीतीश को वोट न देने की अपील की थी। हाल के दिनों में कोरोना संक्रमित होने के बाद लोजपा अध्यक्ष चिराग सामने नहीं आ रहे थे और किसी भी तरह के बयानों से बच रहे थे। 

 

Views: 1
Tags:

About The Author

Saket Kumar Picture

साकेत कुमार, BJMC 

उप-सम्पादक

सोन वर्षा वाणी 

7766886433

Related Posts