सीएम नीतीश कुमार का अचानक दिल्ली दौरा, BJP नेताओं से हो सकती है मुलाकात
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो गए, जिससे राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया है। यह दौरा उस समय हुआ जब शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बिहार दौरे पर आए थे। नड्डा ने बिहार में भाजपा और संगठन के नेताओं से मुलाकात की, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनकी कोई भेंट नहीं हो पाई। नीतीश कुमार के इस अचानक दौरे को लेकर कहा जा रहा है कि वह दिल्ली में भाजपा के सीनियर नेताओं, खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं। ऐसे में इस मुलाकात को लेकर सीट शेयरिंग जैसे राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री सोमवार को पटना वापस लौटेंगे।
पीएम मोदी से मुलाकात की संभावना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रामजानकी पथ के निर्माण कार्य को लेकर पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने अयोध्या से जनकपुर के बीच फोरलेन सड़क निर्माण की गति को बढ़ाने की अपील की थी। इस यात्रा के दौरान नीतीश कुमार प्रधानमंत्री से इस मुद्दे पर भी बातचीत कर सकते हैं। अयोध्या से सीतामढ़ी तक की कनेक्टिविटी से श्रद्धालुओं को भगवान राम और मां सीता दोनों के दर्शन का अवसर मिल सकेगा।
सीट शेयरिंग पर हो सकती है चर्चा
नीतीश कुमार का दिल्ली दौरा लोकसभा और विधानसभा चुनावों में सीट शेयरिंग को लेकर भी अहम माना जा रहा है। हाल ही में उपेंद्र कुशवाहा ने भी इस मुद्दे पर बयान दिया था कि विधानसभा चुनावों में सीटों का बंटवारा अलग फार्मूले के तहत होगा। इस बयान के बाद यह उम्मीद की जा रही है कि नीतीश कुमार दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ इस मुद्दे पर बात कर सकते हैं।
व्यक्तिगत कारण भी हैं चर्चा में
नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे के पीछे व्यक्तिगत कारण भी बताए जा रहे हैं। चर्चा है कि वह दिल्ली में अपनी आंखों का चेकअप करवा सकते हैं, क्योंकि उनका इलाज वहीं से चल रहा है।
एनडीए की बैठक और झारखंड विधानसभा चुनाव
वहीं, झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए की बैठक दिल्ली में चल रही है। सुदेश महतो पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं और जदयू की इस बैठक में शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है। सीट बंटवारे को लेकर इस बैठक में चर्चा हो सकती है, जिसमें नीतीश कुमार भी भाग ले सकते हैं। राजनीतिक जगत में नीतीश कुमार के इस दौरे को लेकर चर्चाएं तेज हैं और सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री की यह यात्रा बिहार की राजनीति में क्या नया मोड़ लेकर आएगी।
About The Author
