चाचा नेहरू को CM नीतीश ने दी श्रद्धांजलि: पटना में राजकीय समारोह आयोजित, कलाकारों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया

 चाचा नेहरू को CM नीतीश ने दी श्रद्धांजलि: पटना में राजकीय समारोह आयोजित, कलाकारों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया

पटना। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत अन्य नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पंडित नेहरू की जयंती के मौके पर पटना स्थित नेहरू पथ के नेहरू पार्क, पुनाईचक में एक राजकीय समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पंडित नेहरू की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री महेश्वर हजारी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री रत्नेश सदा, विधान पार्षद कुमुद वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, बिहार राज्य नागरिक परिषद् के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार, बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य शिवशंकर निषाद सहित कई प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

भजन-कीर्तन से वातावरण हुआ भक्ति से ओतप्रोत

राजकीय समारोह के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया, जो समारोह का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया। इस मौके पर उपस्थित लोग पंडित नेहरू की कृतियों और उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया। यह समारोह पंडित जवाहरलाल नेहरू के प्रति सम्मान और श्रद्धा की अभिव्यक्ति के रूप में आयोजित किया गया, जिसमें बिहार के विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

Views: 6
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND