बिहार में कई जिलों के जिलाधिकारी बदले औरंगाबाद, बेगूसराय और सिवान को मिले नए अधिकारी
पटना। बिहार सरकार ने सोमवार की देर शाम प्रशासनिक कामकाज को मजबूती देने के उद्देश्य से जिलों में बड़ा फेरबदल किया। नई सरकार के गठन के बाद यह पहला बड़ा बदलाव है, जिसमें औरंगाबाद, बेगूसराय, सिवान समेत कई प्रमुख जिलों के जिलाधिकारियों को बदल दिया गया है। इस फेरबदल के बाद कई नए चेहरे जिलों की बागडोर संभालेंगे।
औरंगाबाद के जिलाधिकारी रहे श्रीकांत शास्त्री को हटाकर बेगूसराय का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं अभिलाषा शर्मा को औरंगाबाद का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जो इससे पहले राज्य सरकार के विभिन्न पदों पर कार्य कर चुकी हैं। मधेपुरा जिले की जिम्मेदारी अब अभिषेक रंजन को सौंपी गई है। सरकार का मानना है कि इन बदलावों से जिलों में प्रशासनिक गति बढ़ेगी और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।
सिवान जिले में भी प्रशासनिक नेतृत्व बदला गया है, जहां विवेक रंजन को नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। सरकार का स्पष्ट संकेत है कि आने वाले दिनों में जिलों में सुशासन और विकास की रफ्तार को बढ़ाने के लिए और भी महत्वपूर्ण बदलाव संभव हैं। वर्तमान फेरबदल को नीतीश सरकार की नई कार्यशैली से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसका मकसद कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना तथा प्रशासनिक ढांचे को चुस्त बनाना है। इसके अलावा बेतिया में तरणजोत सिंह, कटिहार में आशुतोष द्विवेदी, शिवहर में प्रतिभा रानी और छपरा में वैभव श्रीवास्तव को जिलाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
About The Author
