पटना में नितिन नवीन का भव्य रोड शो, बुलडोजर से बरसे फूल

पटना में नितिन नवीन का भव्य रोड शो, बुलडोजर से बरसे फूल

 पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बिहार पहुंचे नितिन नबीन ने पटना की धरती से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया। राजधानी में आयोजित भव्य अभिनंदन समारोह में उन्होंने न सिर्फ बिहार बल्कि देश की राजनीति को लेकर बड़ा दावा किया। नितिन नबीन ने कहा कि आने वाले समय में केरल से लेकर पश्चिम बंगाल तक भाजपा का परचम लहराएगा और भगवा हर क्षेत्र में मजबूती से स्थापित होगा।

अपने संबोधन के दौरान नितिन नबीन ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की जनता राहुल गांधी की राजनीति को समझ चुकी है और समय आने पर उसे जवाब देगी। नितिन नबीन ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार की जनता ने जिस तरह राहुल गांधी को नकारा, उसके बाद वह विदेशों की यात्रा पर निकल गए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी गंभीर राजनीति करने के बजाय पार्ट टाइम पॉलिटिक्स करते हैं और विदेश की धरती से देश के खिलाफ बयान देते हैं।

इतना ही नहीं, नितिन नबीन ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष केवल सत्ता के सपने देखता है, जबकि भाजपा जमीन पर काम करने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद विदेश घूमना विपक्ष की आदत बन गई है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता संघर्ष और समर्पण से संगठन को मजबूत करते हैं।

अभिनंदन समारोह में नितिन नबीन ने बिहार के भविष्य का खाका भी पेश किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 से 2030 तक का बिहार विकास की नई इबारत लिखेगा। इस दौरान बड़े पैमाने पर निवेश आएगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुटना होगा।

नितिन नबीन ने स्पष्ट कहा कि भाजपा का लक्ष्य पंचायत से लेकर संसद तक अपनी पकड़ मजबूत करना है। इसी क्रम में उन्होंने पंचायत चुनावों की तैयारी अभी से शुरू करने की बात कही और विकसित बिहार के संकल्प को दोहराया।

पटना के ऐतिहासिक मिलर स्कूल ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा का व्यापक शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। मंच पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, नीतीश मंत्रिमंडल में भाजपा कोटे के मंत्री, विधायक, विधान पार्षद और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मैदान में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुटे थे।

इससे पहले नितिन नबीन का एयरपोर्ट से मिलर स्कूल ग्राउंड तक करीब छह किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो निकाला गया। उनके स्वागत के लिए हाथी, घोड़े और ऊंट तक लगाए गए थे। रास्ते भर समर्थकों ने फूल बरसाकर और नारे लगाकर उनका अभिनंदन किया। रोड शो में महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। मिलर स्कूल ग्राउंड पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के नारों से माहौल को जोश से भर दिया।

Views: 36
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND