पटना : तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से छात्र की मौत, तीन घायल
पटना। बिक्रम में तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले पीएचसी में भर्ती कराया गया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना एम्स रेफर कर दिया।
मैट्रिक परीक्षा देकर घर लौट रहे थे छात्र
हादसा कनपा पुल के पास हुआ, जब पालीगंज के चकिया निवासी युवराज कुमार अपने तीन दोस्तों के साथ मैट्रिक परीक्षा देकर एक ही बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को पकड़ पुलिस के हवाले किया
टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जैसे ही हादसे की खबर इलाके में फैली, अस्पताल में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
रानी तालाब थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हुई है, जबकि तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी नौबतपुर स्थित टीपीएस हाई स्कूल के छात्र थे। परिजनों ने थाने में लिखित आवेदन दिया है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
About The Author
