बख्तियारपुर में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, फायरिंग में मिठाई दुकानदार घायल
पटना। जिले के बख्तियारपुर के देदौर गांव में आपसी विवाद को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग हुई। घटना के दौरान तीन राउंड फायरिंग की गई, जिसमें एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।घायल युवक की पहचान मिठाई दुकानदार नवनीत राय (30) के रूप में हुई है। नवनीत राय ने बताया कि उसका किसी विवाद से कोई संबंध नहीं था। वह देर शाम अपनी दुकान बंद कर पैसे लेकर घर लौट रहा था, तभी गांव के ही चार लोगों ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने 3 से 4 राउंड फायरिंग की, जिसमें से एक गोली उसकी कमर के नीचे लगी। घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच तीन दिन पहले भी झगड़ा हुआ था, जिसको लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अब दोनों ही पक्ष एक-दूसरे पर फायरिंग का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
About The Author
