बिहार पुलिस सिपाही भर्ती का अंतिम परिणाम जारी, 21,391 अभ्यर्थियों का चयन, जून से करेंगे योगदान
पटना। बिहार के हजारों युवाओं के लिए बहुप्रतीक्षित सपना सच हो गया है। बिहार पुलिस में सिपाही भर्ती की प्रक्रिया आखिरकार पूरी हो चुकी है और 21,391 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन कर लिया गया है।
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा विज्ञापन संख्या 01/2023 के तहत हुई इस विशाल भर्ती प्रक्रिया में 86 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षा दी थी। केंद्रीय चयन पर्षद के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि चयनित अभ्यर्थियों की सूची https://csbc.bihar.gov.in पर उपलब्ध है।
अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे 1 जून 2025 से 30 जून 2025 तक अपने-अपने प्रशिक्षण केंद्रों पर शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, जाति और आवासीय प्रमाण-पत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट करें। इस भर्ती प्रक्रिया में चयनित 21,391 अभ्यर्थियों में से 10,205 पुरुष 11,178 महिलाएं और 8 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी हैं।
महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी न सिर्फ सशक्त रही, बल्कि उन्होंने पुरुषों से आगे निकलकर राज्य की पुलिस सेवा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
चयनित अभ्यर्थियों में से 19,958 अभ्यर्थी को बिहार पुलिस बल में जबकि 1,433 अभ्यर्थी को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) में नियुक्ति दी जाएगी। यह भर्ती बिहार पुलिस के सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
बिहार पुलिस में सिपाही के रूप में नियुक्ति न केवल एक स्थिर और सम्मानजनक करियर की शुरुआत है, बल्कि इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा, अच्छा वेतनमान, और अन्य सरकारी सुविधाएं भी प्राप्त होती हैं। युवाओं के लिए यह रोजगार के साथ-साथ सेवा का अवसर भी है।
About The Author
