रोहतास: महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, 6 गंभीर रूप से घायल

रोहतास: महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, 6 गंभीर रूप से घायल

रोहतास। महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए मंगलवार की रात एक दर्दनाक हादसा लेकर आई। रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-2 (NH-2) पर हुए सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी देते हुए शिवसागर थानाध्यक्ष ने बताया कि एक तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। बोलेरो में कुल 10 यात्री सवार थे, जिसमें चालक भी शामिल था। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

मृतकों की पहचान

हादसे में पश्चिम बंगाल के नॉर्थ परगना जिले की रहने वाली 45 वर्षीय लक्ष्मी चक्रवर्ती और 42 वर्षीय जीतू दास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अन्य 6 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी यात्री पश्चिम बंगाल के नॉर्थ परगना जिले के ही रहने वाले हैं और महाकुंभ से लौट रहे थे।

घायलों की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को शिवसागर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही शिवसागर थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को क्रेन की मदद से हटाया गया और हाईवे पर यातायात बहाल किया गया।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बोलेरो की गति काफी तेज थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी सीधे खड़े ट्रक से जा टकराई। पुलिस का कहना है कि सड़क पर अंधेरा होने और चालक की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Views: 3
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND