महाराष्ट्र: गोदिंया में बस हादसे में 12 की मौत, 18 घायल

बाइक सवार को बचाने के दौरान बस पलटी

महाराष्ट्र: गोदिंया में बस हादसे में 12 की मौत, 18 घायल

गोदिंया।महाराष्ट्र के गोदिंया में शुक्रवार दोपहर एक भीषण बस हादसे में 12 यात्रियों की जान चली गई, जबकि 18 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा खजरी गांव के पास हुआ, जो गोदिंया से लगभग 30 किमी दूर है। हादसे का कारण एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश बताई जा रही है। महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल की शिवशाही बस (MH 09 EM 1273) भंडारा से गोदिंया जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना दोपहर 12:30 बजे हुई, जब बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे रेलिंग से टकराने के बाद पलट गई। घटना के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

घटना का असर और राहत कार्य

घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत नाजुक है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। हादसे के दौरान बस में 30 से ज्यादा यात्री सवार थे।

सीएम ने की मुआवजे की घोषणा

महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन किए जाने की बात कही है।

स्थानीय लोगों की मदद

स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है और हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

Views: 13
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND