बिहार के आरा में फाइनेंस कंपनी के एजेंट की गोलियों से भूनकर हत्या, 3 बदमाशों ने किया हमला
आरा बिहार के भोजपुर जिला में अपराधियों ने एक बार फिर से कहर बरपाया है। मामला शहर से सटे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव का है जहां रविवार की शाम हथियारबंद अपराधियों ने बजाज फाइनेंस कर्मी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। मृतक को काफी करीब से नौ गोलियां मारी गई जिसमें छह गोली सिर, एक गोली प्राइवेट पार्ट्स के पास एवं दो गोली बाएं साइड गर्दन में मारी गई है. गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या में क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है उसके ऊपर अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई जिसके कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिन्हा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए है। पुलिस ने घटनास्थल से नौ खोखा एवं एक मोबाइल भी बरामद किया है। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। जानकारी के अनुसार मृतक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भेल डुमरा गांव निवासी शंकर सिंह का 23 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार सिंह था। वह पेशे से बजाज फाइनेंस कर्मी था एवं आरा शहर के कतीरा स्थित बजाज फाइनेंस में डीसीए (कलेक्शन बॉय) के पद पर करीब एक वर्ष से कार्यरत था. इस मामले में एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना के कारण और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सहायक पुलिस अधीक्षक सदर के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर दिया गया है।
सीसीटीवी कैमरे में दिखे नकाबपोश अपराधी
प्राप्त जानकारी के अनुसार उस रास्ते में एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा गया है कि व्हाइट कलर के अपाची बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने उसके बाइक का पीछा किया है। जिसके आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान करने एवं मामले की छानबीन में जुट गई है। बताया जाता है कि मृतक अपने एक भाई और एक बहन में बड़ा था एवं अपनी मां-बाप का इकलौता चिराग था। मृतक की छोटी बहन की शादी 28 नवंबर वर्ष 2020 में हुई थी। मृतक के परिवार में मां चंपा देवी एवं एक बहन रौशनी कुमारी है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतक की मां चंपा देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
About The Author
