झारखंड चुनाव की तैयारी पर निर्वाचन आयोग की बैठक, 29,562 मतदान केंद्र तय

झारखंड चुनाव की तैयारी पर निर्वाचन आयोग की बैठक, 29,562 मतदान केंद्र तय

रांची। भारत निर्वाचन आयोग की टीम ने मंगलवार को झारखंड की राजधानी रांची में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक का आयोजन होटल रेडिशन ब्लू में मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार की अध्यक्षता में हुआ। इस बैठक में राज्य के सभी प्रमंडल आयुक्त, जोनल आईजी, जिला निर्वाचन पदाधिकारी, डीआईजी और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। बैठक में राज्य भर में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत योजनाओं पर चर्चा की गई। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार के साथ निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, डॉ सुखबीर सिंह संधु, सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमीश्नर धर्मेंद्र शर्मा और अन्य उच्च अधिकारी मौजूद थे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के अलावा मतदान प्रतिशत बढ़ाने और मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए रणनीतियों पर भी चर्चा हुई।

मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जोर

राजीव कुमार ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्थानीय संस्कृति और खेलों जैसे तीरंदाजी और हॉकी का उपयोग करके मतदाता जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में खासतौर पर आउटरीच गतिविधियों को तेज करने की जरूरत पर जोर दिया, जहां पिछले चुनावों में मतदाता उदासीनता देखने को मिली थी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी गलत जानकारी का प्रसार न हो सके।

राजनीतिक दलों के सुझावों पर ध्यान

सोमवार को आयोग की टीम ने विभिन्न राजनीतिक दलों से भी मुलाकात की थी। राजनीतिक दलों ने त्रुटिहीन मतदाता सूची और निष्पक्ष चुनाव की मांग की थी। इस पर आयोग ने आश्वासन दिया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह स्वतंत्र और निष्पक्ष होगी। आयोग ने यह भी निर्देश दिया कि जिला निर्वाचन अधिकारी सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से नियमित संपर्क बनाए रखें और उनकी शिकायतों का तुरंत निपटारा सुनिश्चित करें।

चुनाव आयोग के अहम निर्देश

निर्वाचन आयोग ने चुनाव के दौरान विभिन्न सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर कई निर्देश जारी किए:

सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी।

मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे।

प्रत्येक मतदान केंद्र मतदाताओं के निवास से अधिकतम दो किलोमीटर के भीतर होगा।

मतदान केंद्रों पर रैंप, व्हीलचेयर और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मतदान के दौरान 1500 से अधिक मतदाता किसी भी केंद्र पर नहीं होंगे।

प्रवर्तन एजेंसियों के साथ बैठक

आयोग ने प्रवर्तन एजेंसियों के साथ भी बैठक की, जिसमें राज्य और केंद्र की 20 से अधिक एजेंसियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान राज्य में चुनाव के दौरान अवैध शराब, नकदी और नशीली दवाओं के प्रवाह को रोकने के लिए कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्गों और अंतरराज्यीय सीमाओं पर विशेष चौकसी बरतने के साथ ही रेल और हवाई मार्गों पर भी नजर रखने का आदेश दिया गया है।

चुनाव के लिए 29,562 मतदान केंद्र होंगे स्थापित

चुनाव आयोग ने जानकारी दी कि झारखंड में कुल 29,562 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। इनमें 24,520 ग्रामीण क्षेत्रों में और 5,042 शहरी क्षेत्रों में होंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर औसतन 872 मतदाता होंगे। इसके अलावा, 1271 मतदान केंद्रों का संचालन पूरी तरह से महिलाओं द्वारा किया जाएगा और 48 केंद्र दिव्यांग कर्मचारियों द्वारा संचालित होंगे।झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को समाप्त हो रहा है, और राज्य में कुल 81 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होने वाले हैं।

Views: 2
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND

 

Related Posts