श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल टनल हादसा, गुमला के चार श्रमिक फंसे,मुख्यमंत्री ने सुरक्षित रेस्क्यू की अपील की
रांची। निर्माणाधीन श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (SLBC) टनल का एक हिस्सा गिरने से झारखंड के गुमला के चार श्रमिकों के फंसे होने की खबर है। हादसे के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तेलंगाना सरकार से श्रमिकों के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए आग्रह किया है और उनकी सकुशल वापसी की कामना की है। 22 फरवरी की सुबह डोमलपेंटा इलाके में टनल का एक हिस्सा गिर गया। इस दौरान 6 से 8 श्रमिकों के फंसे होने की सूचना है। इनमें झारखंड के गुमला के अलावा उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पंजाब के श्रमिक भी शामिल हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम मौके पर तैनात है और श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान चला रही है। झारखंड सरकार का प्रवासी नियंत्रण कक्ष तेलंगाना प्रशासन से लगातार संपर्क में है और श्रमिकों की स्थिति की जानकारी जुटा रहा है। झारखंड श्रम विभाग गुमला के श्रमिकों के परिवारों से भी संपर्क कर रहा है। SLBC टनल तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले को आंध्रप्रदेश के श्रीशैलम स्थित मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग से जोड़ती है। हादसे के बाद इलाके में चिंता का माहौल है, जबकि प्रशासन और रेस्क्यू टीम श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के हर संभव प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कही यह बात
हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से फंसे श्रमिकों की जल्द से जल्द सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। हादसे के बाद श्रमिकों के परिवारों में बेचैनी बढ़ गई है। फिलहाल प्रशासन की ओर से लगातार अपडेट लिया जा रहा है और जल्द राहत की उम्मीद जताई जा रही है।
About The Author
