हजारीबाग: NTPC के अधिकारी गौरव कुमार की गोली मारकर हत्या, जांच जारी
हजारीबाग। हजारीबाग में NTPC कोल परियोजना के केरेडारी डिस्पैच डिपार्टमेंट के DGM गौरव कुमार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे अपने आवास से ऑफिस जा रहे थे, तभी फतहा चौक के पास बाइक सवार अपराधियों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर उन पर गोलियां चला दीं। हमले के बाद गौरव कुमार को तुरंत आरोग्यम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
NTPC और पुलिस प्रशासन हरकत में
घटना की जानकारी मिलते ही NTPC के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह भी मौके पर रवाना हुए। अस्पताल में जिले के कई बड़े अधिकारी मौजूद हैं और मामले की जांच तेज कर दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा है कि माइनिंग कंपनियों और उनके अधिकारियों से लेवी के नाम पर अपराधी लगातार वसूली करते रहे हैं। इससे पहले भी एक आउटसोर्सिंग कंपनी के GM की हत्या इसी तरह की गई थी। गौरव कुमार कोयला डिस्पैच की जिम्मेदारी संभालते थे, इसलिए इस हत्याकांड के पीछे लेवी वसूली की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए इलाके में छापेमारी कर रही है।
About The Author
