झारखंड: मुख्यमंत्री बनते ही हेमंत सोरेन ने किए बड़े प्रशासनिक बदलाव
डीजीपी और अन्य अधिकारियों का स्थानांतरण
रांची। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही हेमंत सोरेन ने प्रशासनिक स्तर पर कई बड़े बदलाव किए हैं। उन्होंने झारखंड के डीजीपी, रांची डीसी और देवघर एसपी को बदलते हुए पुराने अधिकारियों को बहाल किया है। सरकार ने वर्तमान डीजीपी अजय कुमार सिंह का स्थानांतरण करते हुए उन्हें झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड का अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक बनाया है। उनकी जगह सीआईडी के डीजी अनुराग गुप्ता को डीजीपी का प्रभार सौंपा गया है। अनुराग गुप्ता को इससे पहले भी यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। रांची के डीसी के पद पर मंजूनाथ भजंत्री की वापसी हुई है। उन्हें चुनाव के दौरान आयोग के निर्देश पर हटाया गया था। अब फिर से उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। देवघर में एसपी के पद पर अजीत पीटर डुंगडुंग की तैनाती की गई है। डुंगडुंग को देवघर एसपी के साथ-साथ जैप-5 देवघर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
चुनाव के दौरान हटाए गए थे अधिकारी
इन अधिकारियों को चुनाव आयोग के निर्देश पर चुनाव के दौरान पद से हटाया गया था। सरकार बनने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने इन्हें फिर से बहाल कर यह स्पष्ट कर दिया कि प्रशासनिक व्यवस्था में स्थिरता और कुशलता उनकी प्राथमिकता है।
वरुण रंजन को मिली जिडको की जिम्मेदारी
रांची डीसी के पद से हटाए गए वरुण रंजन को झारखंड औद्योगिक आधारभूत संरचना विकास निगम (जिडको) के निदेशक पद पर स्थानांतरित किया गया है। इसके साथ ही वे खान आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। वरुण रंजन से पहले रांची डीसी रहे मंजूनाथ भजंत्री को निर्वाचन आयोग ने मधुपुर उपचुनाव विवाद के कारण पद से हटाने का आदेश दिया था। अब भजंत्री को फिर से रांची डीसी का पद सौंपा गया है।
अविनाश कुमार बने मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव
ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) अविनाश कुमार को एक बार फिर मुख्यमंत्री का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। उनके पास विकास आयुक्त, झारखंड ऊर्जा विकास निगम के सीएमडी, झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के एमडी और स्थानिक आयुक्त, झारखंड भवन नई दिल्ली का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पद से इस्तीफे के बाद अविनाश कुमार का कार्यकाल स्वतः समाप्त हो गया था। मुख्यमंत्री के पुनः पदभार संभालने के साथ ही उन्हें फिर से यह जिम्मेदारी दी गई है।
About The Author
