पटना : नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा का अंतिम दिन, 100 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा का आज अंतिम दिन है। इस मौके पर वे पटना जिले में करीब 100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही उनकी प्रगति यात्रा का औपचारिक समापन हो जाएगा।
बाढ़ के बेढ़ना पंचायत में विकास कार्यों का उद्घाटन
सीएम नीतीश कुमार ने आज सबसे पहले बाढ़ के बेढ़ना पंचायत का दौरा किया, जहां उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके बाद उमानाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया और भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पटना जिले को मिली विकास परियोजनाओं की सौगात
प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने कई अहम परियोजनाओं का निरीक्षण और शुभारंभ किया—
✔ शेरपुर-दिघवारा गंगा पुल का निरीक्षण
✔ पटना रिंग रोड और जेपी गंगा पथ के क्रॉसिंग प्वाइंट का निरीक्षण
✔ उत्तरी छितनावां होते हुए सगुना मोड़ का दौरा
✔ रूपसपुर पुल तक नाले को ढंककर सड़क निर्माण योजना का शिलान्यास
✔ गोला रोड और एम्स-दीघा नहर रोड को फोर लेन करने की योजना का शिलान्यास
✔ मौर्या लोक में हाइड्रोलिक पार्किंग और कदमकुआं में वेंडिंग जोन का उद्घाटन
दोपहर 2 बजे समीक्षा बैठक
सीएम दोपहर 2 बजे के बाद नए समाहरणालय में एक अहम समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा होगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा को लेकर पूरे जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह और एसएसपी अवकाश कुमार के निर्देश पर प्रत्येक स्थल पर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
About The Author
