बिहार के कटिहार जिले में सड़क हादसे में चार कांवरियों की मौत

बिहार के कटिहार जिले में सड़क हादसे में चार कांवरियों की मौत

 

कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें चार कांवरियों की जान चली गई है। यह दुर्घटना मनिहारी थाना क्षेत्र के कुमारीपुर कजरा के पास हुई, जहां दो बाइकों की सीधी टक्कर हो गई। हादसे के समय सभी कांवरिये सावन की तीसरी सोमवारी पर मनिहारी घाट पर गंगा स्नान कर जल भरने गए थे। मृतकों में एक बाइक पर सवार लोग कटिहार के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के उदामारहिका के रहने वाले थे, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक पूर्णिया के सरसी इलाके के निवासी बताए जाते हैं। घटनास्थल पर यह भी पता चला कि दोनों बाइकों पर कुल पांच लोग सवार थे। परिजन राजू कुमार ने बताया कि यह हादसा सोमवार की सुबह उस समय हुआ जब बाइक सवार युवक मनिहारी गंगाघाट जा रहे थे। इस दौरान, बाइकों के अनियंत्रित होने के कारण वे आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक दो युवकों की मौत हो चुकी थी। बाकी घायल युवकों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों में उदामारहिका के सूरज कुमार सिंह और कृष्णा राम की पहचान हो गई है, जबकि सरसी के कांवरियों की पहचान अभी बाकी है।

Views: 0
Tags:

About The Author

Saket Kumar Picture

साकेत कुमार, BJMC 

उप-सम्पादक

सोन वर्षा वाणी 

7766886433

Related Posts