औरंगाबाद के डॉक्टर रवि रंजन को उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला सम्मान
पटना। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर पटना में आयोजित एक भव्य समारोह में बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति ने डॉ रवि रंजन को सम्मानित किया। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने औरंगाबाद ब्लड बैंक के नोडल पदाधिकारी डॉ रवि रंजन को 2023-24 में सीनियर मेडिकल ऑफिसर के रूप में उत्कृष्ट सेवा के लिए मोमेंटो प्रदान किया। डॉ रवि रंजन के इस सम्मान ने औरंगाबाद जिले का नाम रोशन किया है। सम्मान ग्रहण करने के बाद डॉ रवि रंजन ने कहा कि यह सम्मान उन्हें ब्लड बैंक और सदर अस्पताल औरंगाबाद के सभी पदाधिकारियों और कर्मियों के सहयोग से मिला है। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनकी संयुक्त मेहनत का परिणाम है। डॉ रवि रंजन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग हर साल अधिक से अधिक स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करता है। इस वर्ष 2023-24 में, जिले के सभी प्रखंडों में कैंप आयोजित कर 3000 से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान कराया गया। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से न सिर्फ किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है, बल्कि यह दानकर्ता के स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होता है। उन्होंने बताया कि एक स्वस्थ व्यक्ति साल में तीन से चार बार रक्तदान कर सकता है और इससे उसके शरीर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अपर प्रमुख सचिव प्रत्यय अमृत, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक सुहर्ष भगत, स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव शशांक शेखर सिन्हा, उपसचिव अमिताभ सिंह, यूनिसेफ की सीएफओ मार्गरेट ग्वाडा, और बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अपर परियोजना निदेशक डॉ एन के गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
About The Author
