सहरसा में थार सवार युवक की गोलियों से हत्या, 12 गोली लगने से मौके पर मौत

सहरसा में थार सवार युवक की गोलियों से हत्या, 12 गोली लगने से मौके पर मौत

सहरसा। सहरसा के सहरसा सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने थार गाड़ी में सवार एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। हमलावर दो बाइकों पर सवार होकर आए थे और उन्होंने अंधाधुंध गोलियां चलाईं। युवक के शरीर में करीब 12 गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नगर निगम के वार्ड संख्या 32 स्थित विद्यापति नगर मोहल्ला निवासी 29 वर्षीय सतीश कुमार झा उर्फ छोटू मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उनके पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं और सतीश दो भाइयों में सबसे छोटा था।

जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार रात करीब 10:20 बजे की है। सतीश कुमार अपनी थार गाड़ी से मीरा टॉकीज सिनेमा रोड के रास्ते घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार करीब पांच बदमाशों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने आंख, माथे, गले, छाती और पीठ को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सतीश के साथ थार में उसके तीन दोस्त भी मौजूद थे, जिनकी पहचान रोशन कुमार सिंह, सुमित कुमार सिंह और गांधी कुमार यादव के रूप में हुई है। तीनों विद्यापति नगर के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इन्हीं लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचते ही तीनों मौके से फरार हो गए।

मृतक के बड़े भाई आशीष कुमार ने बताया कि वह अपने भाई को इलाज के लिए शहर के एक निजी क्लीनिक लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने फरार हुए तीनों दोस्तों की भूमिका पर शक जताया है, जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। मामले को लेकर आलोक कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मौके से 9 एमएम के 7 खोखे, अन्य हथियारों के 5 खोखे और 3 पिकेट सहित कुल 15 खोखे बरामद किए गए हैं। साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।

Views: 4
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND