सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने बिहार के 43वें राज्यपाल के रूप में ली शपथ

सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने बिहार के 43वें राज्यपाल के रूप में ली शपथ

पटना। बिहार को शनिवार को नया राज्यपाल मिल गया। सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने 14 मार्च को बिहार के 43वें राज्यपाल के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह पटना स्थित लोक भवन में आयोजित किया गया, जहां न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू, मुख्य न्यायाधीश पटना उच्च न्यायालय ने उन्हें शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा सहित कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा मंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव भी समारोह में शामिल हुए।


शपथ लेने के बाद बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा जारी नियुक्ति पत्र को पढ़कर सुनाया। समारोह के दौरान राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने हिंदी में शपथ ली। सैयद अता हसनैन इससे पहले बिहार के राज्यपाल रहे आरिफ मोहम्मद खान का स्थान लिया है। वे भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं और लगभग चार दशक तक सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने सैन्य करियर के दौरान उन्होंने कई अहम पदों पर जिम्मेदारी निभाई।


भारतीय सेना में उनकी अंतिम तैनाती सैन्य सचिव के रूप में थी, जो वरिष्ठ स्तर के सैन्य अधिकारियों के कार्मिक प्रबंधन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पद माना जाता है। इससे पहले वे श्रीनगर स्थित सेना की प्रसिद्ध चिनार कोर (15 कोर) के कमांडर भी रह चुके हैं। सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी हसनैन सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे। उन्हें राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) का सदस्य बनाया गया था, जहां उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों में योगदान दिया। इसके अलावा वे कश्मीर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलाधिपति भी रह चुके हैं।

Views: 4
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND